जखोली क्षेत्र के अर्जुन बैंड के पास बारातियों से भरी इको वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौत के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। हादसे के स्थान पर सड़क पर तीव्र ढलान और नीचे गहरी खाई होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस संवेदनशील स्थान पर क्रैश बैरियर और सुरक्षा दीवार लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। कई बार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को शिकायत की गई और जिलाधिकारी के जनता दरबार में भी मामला उठाया गया, लेकिन सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।
तिलवाड़ा-सूर्यप्रयाग-तैला मोटर मार्ग पर अर्जुन बैंड का हिस्सा दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। यहां सड़क पर तीव्र ढलान के साथ एक ओर गहरी खाई है, जिससे वाहन अनियंत्रित होने पर सीधे खाई में गिरने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे स्टील क्रैश बैरियर अथवा मजबूत सुरक्षा दीवार होती तो वाहन को खाई में गिरने से रोकने या दुर्घटना की गंभीरता कम करने में मदद मिल सकती थी।
क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता देवी और ग्रामीणों ने बताया कि अर्जुन बैंड पर पहले भी मोटरसाइकिल दुर्घटना हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने पीडब्ल्यूडी से इस स्थान पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की थी, लेकिन विभाग ने अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने कहा कि सुरक्षा दीवार और क्रैश बैरियर लगाने के लिए पीडब्ल्यूडी को कई बार अवगत कराया गया, पर मांग पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई लिंक मोटर मार्गों पर भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही है, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों की जान जोखिम में बनी रहती है।
अर्जुन बैंड हादसे के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन तथा पीडब्ल्यूडी से मांग की है कि केवल इस स्थान ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के सभी संवेदनशील सड़क हिस्सों का सुरक्षा ऑडिट कराकर प्राथमिकता के आधार पर क्रैश बैरियर, सुरक्षा दीवार और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
