लखनऊ के गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहे पर रविवार को 'फ्रेंड्स ऑफ योगी' की ओर से एक विशेष युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में आए बदलावों, अपराधियों और माफिया नेटवर्क पर कार्रवाई तथा बुलडोजर नीति के प्रभावों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने 2017 से पहले और बाद की स्थिति की तुलना करते हुए योगी सरकार के निर्णायक नेतृत्व, अपराध नियंत्रण, अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई और तकनीक आधारित पुलिसिंग को बदलाव का आधार बताया।
कार्यक्रम में पूर्व डीजीपी अरविंद कुमार जैन ने कहा कि पुलिस की सक्रियता, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई और अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान से कानून का इकबाल मजबूत हुआ है। उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई को अपराध और अवैध संपत्तियों के खिलाफ कठोर नीति का प्रतीक बताया और कहा कि गुंडागर्दी पर सख्ती जरूरी है, ताकि अपराधियों में कानून का भय और समाज में स्पष्ट संदेश कायम हो।
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य व वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत सिंह अटल ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई न्यायिक समीक्षा के दायरे में है और अधिकांश मामलों में उच्च न्यायालय व उच्चतम न्यायालय ने सरकार के एक्शन का समर्थन किया है। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई से अपराधियों का मनोबल टूटा है और 2016 के मुकाबले डकैती में 87% तथा हत्या में 43% की कमी आई है। उनके अनुसार योगी सरकार में प्रदेश की 25 करोड़ जनता सुरक्षित महसूस कर रही है।
परिचर्चा में नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों और उद्यमियों की सुरक्षा, तकनीक आधारित पुलिसिंग व संस्थागत सुधार समेत 9 प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कानून-व्यवस्था को शिक्षा, रोजगार और निवेश की बुनियाद बताते हुए युवाओं के सवालों का तथ्यात्मक जवाब दिया। कार्यक्रम में पूर्व डीजीपी अरविंद कुमार जैन, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत सिंह अटल, डूसू के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह और सत्र संचालन व एएफपीआर के सीईओ शशांक शेखर सिंह शामिल हुए।
