भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को चेतावनी दी कि विदेशी जासूसी नेटवर्क रक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल करने के लिए केवल हनी ट्रैप पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि साइबर जासूसी, आर्थिक लालच और कर्ज के जाल जैसे कई अन्य तरीके भी अपना रहे हैं। दिल्ली में आयोजित नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0 में उन्होंने कहा कि हनी ट्रैप इस बड़े खतरे का केवल एक हिस्सा है। विदेशी एजेंसियां रक्षा क्षेत्र के कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर दोस्ती करने और संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए तैयार करने जैसे तरीकों से अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रही हैं।

जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत का रक्षा उद्योग भी हनी ट्रैप जैसी गतिविधियों का निशाना है, तो उन्होंने कहा कि इसे केवल हनी ट्रैप का मामला समझना सही नहीं होगा। यह असल में साइबर जासूसी और खुफिया जानकारी हासिल करने की कोशिश है। उन्होंने बताया कि जासूसी के लिए अब मल्टी लेवल मार्केटिंग और अवैध तरीके से कर्ज देने वाले लोन शार्क का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, जो आर्थिक परेशानी में फंसे लोगों से गोपनीय जानकारियां हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं।

वायुसेना प्रमुख ने कहा कि मल्टी लेवल मार्केटिंग और लोन शार्क भी सक्रिय हैं और इन गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को केवल तकनीकी खतरों तक सीमित नहीं रखा जा सकता, कर्मचारियों को भी सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सेना के मुख्य संचार नेटवर्क एयर गैप्ड हैं, यानी आम इंटरनेट से अलग, इसलिए इन पर सीधे साइबर हमला नहीं किया जा सकता। लेकिन विदेशी नेटवर्क अब सीधे सिस्टम में सेंध लगाने के बजाय उन लोगों को निशाना बना रहे हैं जिनकी संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच है, जिससे इनसाइडर थ्रेट पैदा होता है। उन्होंने कहा कि इससे निपटने के लिए कुछ तकनीकी और संस्थागत उपाय पहले से लागू हैं। साथ ही DRDO की प्रयोगशालाओं और निजी रक्षा कंपनियों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जा रहा है।