भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को बताया कि हल्के लड़ाकू विमान एलसीए-एमके-1ए को वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर सेवा में शामिल किया जाएगा। यह विमान देश के भीतर ही तैयार किया गया है। सेना अपनी फाइटर फ्लीट को मजबूत करने के लिए यह कदम उठा रही है।

31 अक्टूबर को आईएएफ चीफ बनने के बाद दीक्षित ने फोर्स की प्राथमिकताएं गिनाई थीं, जिनमें तेजस, एलसीए एमके-1ए, एलसीए एमके-2 और एएमसीए को आधुनिकीकरण मुहिम के केंद्र में रखा गया था। एएनआई नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0 में उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में एलसीए एमके-1ए का एक स्क्वॉड्रन होगा और इसके बाद भी प्रयास जारी रहेंगे। उनके मुताबिक अगले साल एलसीए एमके-2 भी रोल आउट होगा और एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट पर भी काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि डिजाइन, डेवलपमेंट, टेस्टिंग और उत्पादन के जरिए लड़ाकू विमान में स्वदेशी क्षमता विकसित करना चुनौती है और केवल कुछ ही देशों ने इसे हासिल किया है।

एयर चीफ मार्शल ने बताया कि वायुसेना लड़ाकू विमानों की गंभीर कमी से जूझ रही है, इसलिए एलसीए एमके-1ए को तुरंत ऐक्शन में लाना जरूरी है। इस विमान को बनाने की कई डेडलाइन मिस हो चुकी हैं। दीक्षित के कार्यकाल में यह पहला विमान होगा जो सेवा में आएगा। एलसीए एमके-1ए उन मिग-21एस की जगह लेगा, जो छह दशकों से अधिक सेवा देने के बाद पिछले साल रिटायर हो चुके हैं। आईएएफ ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के साथ 180 एमके-1ए फाइटर जेट्स के लिए दो ऑर्डर दिए हैं, जिनकी कुल कीमत 1.1 लाख करोड़ रुपए है।

इस बीच एडवांस लेवल का एलसीए एमके-2 प्रोग्राम तेजी पकड़ रहा है। एचएएल ने इसका स्ट्रक्चर बना लिया है और सामने, बीच तथा पीछे के फ्यूजलेज सेक्शन जुड़ चुके हैं, एयरफ्रेम तैयार है। एचएएल का लक्ष्य अगले साल मार्च तक पहली ग्राउंड रन है, जबकि पहली उड़ान साल के बाद में उम्मीद की जा रही है। अब आईएएफ एलसीए एमके-2 की खरीद के लिए मामला उठाएगा, जो मिराज 2000, मिग-29 और जगुआर की जगह लेगा। एएमसीए प्रोग्राम को तेज करना इसलिए अहम है क्योंकि चीन पहले ही पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान जे-20 तैनात कर चुका है और अब जे-35 स्टेल्थ फाइटर लॉन्च कर रहा है।