कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मोहम्मद सिराज को टीम इंडिया में जगह न मिलने का मुद्दा उठाया है, जिस पर क्रिकेट और राजनीति दोनों में विवाद खड़ा हो गया है। मसूद का आरोप है कि सिराज को उनके धर्म के आधार पर निशाना बनाया गया। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी।
इस बयान के बाद मसूद पर भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस के भीतर भी सवाल उठने लगे हैं, लेकिन वे बैकफुट पर आने को तैयार नहीं हैं। अब उन्होंने मोहम्मद शमी और सरफराज खान का जिक्र करते हुए कहा है कि खिलाड़ियों का चयन सिर्फ मेरिट और परफॉर्मेंस के आधार पर होना चाहिए। पत्रकारों से बात करते हुए मसूद ने कहा, "मोहम्मद शमी भी हैं, सरफराज भी हैं, बहुत सारे नाम हैं। परफॉर्मेंस के हिसाब से होना चाहिए। परफॉर्मेंस अच्छी है तो यह नहीं देखा जाना चाहिए कि कौन कहां से है।"
कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने मसूद के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्रिकेट में नफरत या धार्मिक बंटवारे के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया में सबसे खास चीज इंडिया है और क्रिकेट को राज्यों या धर्म के नाम पर बंटते नहीं देखा गया। पटेल ने कहा कि देश में नफरत और बंटवारे का माहौल नहीं बनाया जाना चाहिए।
भाजपा ने मसूद पर क्रिकेट में सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि टीम में चयन धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि टीम की जरूरत और प्रदर्शन के आधार पर होता है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी मसूद के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि देश में किसी को धर्म या जाति के आधार पर अवसरों से वंचित नहीं किया जाता और खेल में चयन योग्यता के आधार पर होता है।
