भारत की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक इमारतें, वन्यजीव और विविध संस्कृतियां विदेशी पर्यटकों को तेजी से आकर्षित कर रही हैं। ट्रैवल प्लस लीजर पत्रिका ने भारत को वर्ष 2027 का पर्यटन गंतव्य चुना है। वहीं, लोनली प्लैनेट की दुनिया की 50 बेहतरीन घूमने की जगहों की सूची में गुजरात और दार्जिलिंग को जगह मिली है। इस सूची में 25 पर्यटन स्थल और 25 यात्रा अनुभव शामिल हैं। इससे देश के पर्यटन क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इन जगहों का चयन केवल प्राकृतिक सुंदरता के आधार पर नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और अनोखे यात्रा अनुभवों के लिए भी किया गया है।

गुजरात की पहचान कच्छ के सफेद रण, गिर के शेर, ऐतिहासिक धरोहरों और पारंपरिक हस्तशिल्प से है। यहां पर्यटकों को प्राकृतिक नजारों के साथ इतिहास और स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलता है। दार्जिलिंग को हिमालय के खूबसूरत नजारे, चाय के बागान और ऐतिहासिक टॉय ट्रेन खास बनाते हैं। यहां की 88 किलोमीटर लंबी नैरो गेज रेललाइन 1879 से 1881 के बीच बनी थी और 1999 में यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर का दर्जा दिया था। इसे 2027 के 25 प्रमुख यात्रा अनुभवों में भी शामिल किया गया है।

देश के भीतर भी घूमने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वर्ष 2024 में करीब 2.95 अरब घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं, जो 2023 के मुकाबले 17.5 फीसदी अधिक थीं। हालांकि, पर्यटकों की बढ़ती संख्या से गोवा जैसे लोकप्रिय स्थलों पर भीड़ बढ़ रही है और पर्यावरण पर दबाव पड़ रहा है। ऐसे में स्थानीय समुदायों से जुड़े पर्यटन को बढ़ावा देने और कम चर्चित जगहों को सामने लाने पर जोर दिया जा रहा है। भारत के पास यह मौका है कि वह गुजरात और दार्जिलिंग के साथ-साथ अपने दूसरे खूबसूरत और ऐतिहासिक क्षेत्रों को भी वैश्विक पर्यटन नक्शे पर मजबूत जगह दिलाए।