कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जिसकी बड़ी वजह बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में खामियां हैं। उन्होंने यह बात न्यूयॉर्क में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी के सामने कही। राहुल गांधी अमेरिका के दो दिन के दौरे पर हैं और आज यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो का दौरा भी करने वाले हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं में मौजूदा हालात को लेकर निराशा है। इनमें एक वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है, जिसने औपचारिक शिक्षा हासिल की है। उन्होंने कहा कि वे इस पर अध्ययन कर रहे हैं और इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी सबसे अहम वजह यह है कि युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आता।
उन्होंने कहा कि करियर को लेकर युवाओं और उनके माता-पिता के बीच दूरी बढ़ रही है। युवा पिछली पीढ़ी की सलाह और उसके अनुभवों पर सवाल उठा रहे हैं। युवा अपने माता-पिता से कह रहे हैं कि आप सफल नहीं थे, आप हमें वह करने के लिए नहीं कह सकते जो आपने किया, क्योंकि आज के समय में वह फॉर्मूला काम नहीं करता।
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पर राहुल गांधी ने इसे सामान्य अभियान से बिल्कुल अलग बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जितना पैसा खर्च किया गया, वह अनुमान से 20, 30, 40 या 50 गुना तक ज्यादा था और इतना पैसा कहां से आया, इस पर सवाल हैं जिनका जवाब मिलना चाहिए। चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अचानक 5 लाख वोटों का मार्जिन मिल जाना संभव नहीं है और कांग्रेस के पास चुनावी धांधली के कई सबूत हैं, जिन्हें सामने लाने के लिए वे काम कर रहे हैं। उन्होंने चुनावी व्यवस्था में सुधार को जरूरी बताते हुए कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है।
