प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह करीब 10 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। फिलीपींस दौरे से लौटने के बाद हो रही इस बैठक में सरकार के अब तक के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। साथ ही पहले तय किए गए कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा होगी।

बैठक में प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज का जायजा लेंगे। पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों और तय किए गए कार्यों पर कितना अमल हुआ, इसकी भी समीक्षा की जाएगी। सरकारी योजनाओं और नीतियों को प्रभावी तरीके से लागू करने के उपायों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। बैठक में आने वाले समय के लिए सरकार की प्राथमिकताएं तय करने और नई कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर रहेगा।

केंद्रीय मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक सितंबर में 'चिंतन शिविर' के रूप में आयोजित की गई थी। इसमें मुख्य रूप से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई थी। मंत्रियों ने इस लक्ष्य को हासिल करने के उपायों पर विचार किया था कि सरकारी योजनाओं का लाभ 100 प्रतिशत पात्र लोगों को मिले। जनकल्याण के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी आम लोगों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने पर भी जोर दिया गया था। उस बैठक में कई मंत्रालयों ने अपनी योजनाओं और भविष्य की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण दिया था, जिसमें 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा हुई थी।

इस बार की बैठक में केवल कैबिनेट मंत्री हिस्सा लेंगे। पहले केंद्रीय मंत्रिपरिषद की कुछ बैठकों में कैबिनेट मंत्रियों के साथ राज्य मंत्रियों और स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों को भी शामिल किया गया था। गौरतलब है कि इस बैठक से पहले प्रधानमंत्री मोदी अपने कार्यालय में राज्य मंत्रियों और स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर चुके हैं। इन बैठकों के क्रम को केंद्र सरकार के विभिन्न स्तरों पर कामकाज की समीक्षा और आगे की दिशा तय करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।