उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय ठंड और नमी का स्तर बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी ताजा मौसम अवलोकन के अनुसार, राज्य के कई प्रमुख शहरों में हवा की गति शांत रहने और उच्च आर्द्रता के कारण कोहरे और धुंध की स्थिति बनी हुई है।

लखनऊ में सुबह 6:30 बजे तक तापमान 13 डिग्री और आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई है। शहर में हवा पूरी तरह शांत है। मौसम केंद्र के अनुसार, आज लखनऊ में सूर्योदय सुबह 06:28 बजे हुआ और सूर्यास्त शाम 05:15 बजे होगा।

प्रयागराज में रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। सोमवार को रात का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था, जो मंगलवार को घटकर 14.6 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम केंद्र के मुताबिक, अगले छह दिनों तक सुबह के समय कोहरा या धुंध छाई रह सकती है, साथ ही अधिकतम तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट आने के संकेत हैं।

अन्य शहरों की बात करें तो बरेली में तापमान 13.4 डिग्री रहेगा और बुधवार को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। बहराइच का तापमान 14.4 डिग्री रहेगा। नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है, औसत तापमान सामान्य से कम रहने व हवा के पश्चिमी चलने के आसार हैं। गोरखपुर में तापमान 15 डिग्री रहेगा और बुधवार की सुबह हल्का कोहरा रहेगा, दिन में मौसम साफ हो जाएगा। देवरिया और बस्ती में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। मेरठ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.6 और न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आर्द्रता अधिकतम 67 और न्यूनतम 34 प्रतिशत दर्ज की गई। बुधवार को तापमान 21.6 डिग्री रहने का अनुमान है और आर्द्रता 62 प्रतिशत रह सकती है, हवा शांत रहेगी।