कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने दिल्ली स्थित शक्ति स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि दी। खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूर्व प्रधानमंत्री को याद करते हुए उन्हें भारत की 'आयरन लेडी' बताया और कहा कि वह अदम्य साहस, संघर्ष और मजबूत नेतृत्व की प्रतीक थीं। उन्होंने लिखा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए इंदिरा गांधी ने अपना जीवन न्योछावर कर दिया और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, योगदान, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व सदैव प्रेरणा बना रहेगा।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। एक्स पर अपने पोस्ट में शिवकुमार ने कहा कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में देश ने कई महत्वपूर्ण राजनीतिक, आर्थिक और संस्थागत बदलाव देखे। उन्होंने कृषि उत्पादन मजबूत करने, बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और भारत के अंतरिक्ष एवं परमाणु कार्यक्रमों को समर्थन देने में उनकी भूमिका का उल्लेख किया।

इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर, 1917 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में एक कश्मीरी पंडित परिवार में हुआ था। वह देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और कमला नेहरू की बेटी थीं। उन्होंने 1966 से 1977 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की कमान संभाली। जनवरी 1980 में वह दोबारा प्रधानमंत्री बनीं और 1984 में हत्या होने तक इस पद पर रहीं। उनके कार्यकाल की प्रमुख घटनाओं में 1971 का भारत-पाकिस्तान युद्ध शामिल है, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश का गठन हुआ। उनकी जयंती 19 नवंबर को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है।

इंदिरा गांधी की 31 अक्तूबर, 1984 को उनके दो अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी। यह घटना ऑपरेशन ब्लूस्टार के कुछ महीने बाद हुई थी। ऑपरेशन ब्लूस्टार सैन्य अभियान था, जिसे अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर परिसर में छिपे सशस्त्र अलगाववादियों को बाहर निकालने के लिए शुरू किया गया था। स्वर्ण मंदिर सिख धर्म के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक है।