हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में 'वोट चोर गद्दी छोड़' का नारा लगाकर विवादों में घिरे इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने सफाई दी है। इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका मकसद भारत की घरेलू राजनीति में हस्तक्षेप करना नहीं था। उन्होंने कहा कि वह नारा भारतीय विपक्ष का है और उन्होंने इसे भारतीय विपक्ष तथा वैश्विक लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ एकजुटता दिखाने के लिए लगाया था। फिलिबेक ने कहा कि किसी के साथ एकजुटता से खड़ा होना हस्तक्षेप नहीं होता। अपनी पार्टी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे दुनिया भर के समाजवादी और लोकतांत्रिक लोगों के साथ काम करते हैं और उनके विचार यूरोपीय सीमा तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में बड़ा सवाल खड़ा हुआ है और ऐसे में राहुल गांधी के साथ खड़ा होना उनका कर्तव्य है।
विवाद की शुरुआत हैदराबाद में आयोजित भारत समिट से हुई, जहां फिलिबेक ने यह नारा लगाया। इस दौरान राहुल गांधी हंसते हुए नजर आए थे। भारतीय जनता पार्टी ने इसे देश का अपमान करार देते हुए राहुल गांधी पर हमला बोला कि कोई विदेशी नेता देश की राजनीति का मजाक उड़ा रहा था और नेता प्रतिपक्ष हंस रहे थे। विवाद बढ़ने पर इटली से भी बयान सामने आए। प्रधानमंत्री मेलोनी की पार्टी ने फिलिबेक पर हमला बोलते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को वोटिंग के बारे में ज्ञान देने की जरूरत नहीं है। फिलिबेक इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी के विरोधी माने जाते हैं और पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव हैं।
इस बीच मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया, जहां याचिका दायर कर सोशल मीडिया से फिलिबेक के नारे वाला वीडियो हटाने की मांग की गई। अदालत ने मामले को 20 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष अधिवक्ता सैयद रिजवान अहमद ने मामले को तत्काल सूचीबद्ध करने का उल्लेख किया। अहमद ने आरोप लगाया कि फिलिबेक ने सरकार की आलोचना और विपक्ष के प्रति खुला समर्थन व्यक्त करके भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और घरेलू राजनीति में सीधा हस्तक्षेप किया है। याचिका में आरोप लगाया गया कि फिलिबेक ने कहा था कि भारत में सरकार भ्रष्ट और प्रामाणिक नहीं है तथा वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बहाल करने के लिए विपक्ष के साथ मिलकर काम करेंगे। अहमद ने इन टिप्पणियों को भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों में गंभीर हस्तक्षेप बताते हुए कहा कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार प्रसारित हो रहा है और इसे हटाने के लिए न्यायालय के हस्तक्षेप की मांग की गई है।
कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपने अभियान में 'वोट चोर गद्दी छोड़' नारे का इस्तेमाल करती है और दिल्ली में अपने आंदोलन के दौरान इसका जोरदार उपयोग किया था। हैदराबाद में आयोजित समिट में कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे, जिनमें फिलिबेक भी अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों में शामिल थे। अपने भाषण में वे यह नारा लगाते और विदेशी प्रतिनिधियों के लिए इसका अंग्रेजी में अनुवाद करते देखे गए थे।
