कर्नाटक में इस साल बारिश की कमी से पैदा हुए सूखे के हालात को देखते हुए राज्य के ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री ईश्वर खंड्रे ने केंद्र सरकार से मनरेगा के तहत रोजगार की सीमा 50 दिन बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर कहा कि इससे राज्य के अकुशल गरीब मजदूरों को कुल 175 दिन का रोजगार मिल सकेगा। मंत्री के कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पत्र में आंकड़ों के साथ राज्य में बारिश की कमी का ब्योरा दिया गया है।
खंड्रे ने पत्र में बताया कि इस साल बारिश की भारी कमी से कृषि कार्य प्रभावित हुए हैं, जिससे स्थानीय गरीब और अकुशल मजदूर रोजगार से वंचित होकर शहरों की ओर पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि इस पलायन को रोकने के लिए भूमिहीन मजदूरों, कमजोर वर्गों और ग्रामीण गरीबों को अतिरिक्त रोजगार उपलब्ध कराना जरूरी है। विज्ञप्ति के मुताबिक, मंत्री ने कहा कि इसके लिए विकसित भारत - गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन - ग्रामीण के तहत रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।
मंत्री ने बताया कि सूखे के कारण राज्य के कई ग्रामीण निवासी इस मिशन के तहत रोजगार की मांग कर रहे हैं और पिछले साल की तुलना में इस साल 30.33 प्रतिशत अधिक 'पर्सन-डे' सृजित किए गए हैं। इसी को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय मंत्री से रोजगार की मौजूदा 125 दिनों की सीमा को 50 दिन बढ़ाकर 175 दिन करने का अनुरोध किया है। खंड्रे ने बताया कि राज्य सरकार ने पूरे कर्नाटक में 60:40 के अनुपात में यह मिशन लागू किया है।
मंत्री के अनुसार, मनरेगा के तहत केंद्र सरकार 90 प्रतिशत खर्च उठाती थी और राज्य का योगदान 10 प्रतिशत था, जबकि नए मिशन में फंडिंग का अनुपात 60:40 कर दिया गया है, जिससे राज्य पर वित्तीय बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद राज्य सरकार ने ग्रामीण गरीबों, कमजोर और वंचित वर्गों, पिछड़े समुदायों, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, अल्पसंख्यकों और भूमिहीन मजदूरों के लाभ के लिए योजना लागू की है। उन्होंने बताया कि जुलाई से अब तक 2.83 करोड़ 'पर्सन-डे' सृजित किए गए हैं, जो पिछले साल की इसी अवधि से 35 प्रतिशत अधिक है।