तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में दाखिल अवमानना याचिकाओं और अन्य अर्जियों पर 27 नवंबर को सुनवाई करने का फैसला किया है। गुरुवार को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पांचोली की पीठ ने कहा कि मामले से जुड़ी सभी अर्जियां अगले दिन सूचीबद्ध की जाएंगी।

इससे एक दिन पहले बुधवार को तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगते हुए दीपथून नाम के पत्थर के खंभे पर दीप न जलाए जाने की जिम्मेदारी मंदिर प्रशासन पर डाली थी। सरकार का कहना था कि दीप जलाने की जिम्मेदारी मंदिर के अधिकारियों की थी। सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल खुद से अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार कर दिया था, लेकिन साफ किया था कि इस मामले में कोई अवमानना याचिका दाखिल होने पर उस पर सुनवाई की जाएगी।

याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकीलों ने अदालत में आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद अधिकारियों ने दीपथून पर दीप नहीं जलाया, जो अदालत के आदेश की जानबूझकर अनदेखी करने जैसा है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेकर अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग भी की।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक बार के लिए 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन सोमवार को दीप केवल पुराने और परंपरागत स्थान यानी उचिपिल्लैयार मंडपम में ही जलाया गया। पहाड़ी के ऊपर स्थित दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया। मंदिर के न्यासी बोर्ड ने भी अपने बयान में कहा था कि लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपराओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में हर साल कार्तिगई दीपम का आयोजन होता है। अब तक यह दीप पहाड़ी की निचली ढलान पर बने दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है। कुछ हिंदू संगठनों की मांग है कि दीप पहाड़ी के ऊपर स्थित दीपथून नाम के पत्थर के खंभे पर जलाया जाए, जो एक दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। वहीं, दरगाह पक्ष का दावा है कि पहाड़ी की चोटी का पूरा हिस्सा उसके अधिकार क्षेत्र में आता है, इसी आधार पर उसने वहां दीप जलाने की मांग का विरोध किया है। अब सभी की नजरें 27 नवंबर की सुनवाई पर टिकी हैं, जब अदालत यह तय करेगी कि अपने पहले दिए आदेश का पालन न होने के मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाए।