तमिलनाडु के करूर जिले के चिन्नकालीपालयम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बगीचे के कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में दंपती, उनकी बेटी और दो बच्चे शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, करूर जिले के वेंगामेडु स्थित कोंगुनगर निवासी रामासामी (63), उनकी पत्नी जानकी (60), बेटी सुकुना (35) और उनके दो बच्चे शिवानी (10) व अधिरन (4) के शव कुएं में मिले हैं। बताया जा रहा है कि सुकुना की शादी करीब 13 साल पहले वेलायुधमपालयम निवासी प्रभु से हुई थी। पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते सुकुना अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में रह रही थी।
गुरुवार शाम चिन्नकालीपालयम गांव में स्थानीय लोगों ने बगीचे के कुएं में पांच लोगों के शव देखे। खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वंगल पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कुएं से बाहर निकलवाया और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
पुलिस यह जांच कर रही है कि पांचों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद को संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। इसके लिए टीम का गठन किया गया है।