सोहना के नागरिक अस्पताल की स्थापना के करीब 50 वर्ष बाद भी भवन का मुख्य सीवर लाइन से कनेक्शन नहीं हो पाया है। अस्पताल का गंदा पानी परिसर में बने तीन गड्ढों में जमा किया जा रहा है, जिन्हें खाली कराने के लिए हर दस दिन में सीवर टैंकर बुलाया जाता है। इस अस्थायी व्यवस्था पर स्वास्थ्य विभाग का सरकारी बजट लगातार खर्च हो रहा है। अस्पताल के भवन का उद्घाटन 22 मार्च 1976 को तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता ने किया था।

अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 600 से 700 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों के साथ उनके परिजन और अस्पताल का स्टाफ भी दिनभर परिसर में मौजूद रहता है। ऐसे में गड्ढों में गंदा पानी जमा होने और उनके ओवरफ्लो होने की आशंका से संक्रमण का खतरा बना रहता है। अस्पताल प्रशासन की ओर से कई बार मांग उठाने के बावजूद मुख्य सीवर लाइन से कनेक्शन नहीं जुड़ने के कारण टैंकरों पर सरकारी बजट से लगातार खर्च किया जा रहा है।

अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ रणविजय सिंह का कहना है कि सीवर व्यवस्था की समस्या उच्च अधिकारियों के संज्ञान में है। इसके स्थायी समाधान के लिए कई बार संबंधित विभागों को फाइल भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि मुख्य सीवर लाइन से कनेक्शन जुड़ जाने पर इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

संबंधित विभाग से अपेक्षा है कि वह इस समस्या को गंभीरता से लेकर अस्पताल को मुख्य सीवर लाइन से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाए, ताकि मरीजों और कर्मचारियों को राहत मिल सके।