अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के दौरान रामपुर में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच कुछ ऑटो चालकों पर मनमाना किराया वसूलने के आरोप लगे हैं। रामपुर से रचोली जाने वाले यात्रियों से निर्धारित 70 रुपये के बजाय 100 से 150 रुपये तक किराया वसूला जा रहा है। इससे रोजाना इस रूट पर सफर करने वाले ग्रामीणों में भारी रोष है।

ग्रामीणों का आरोप है कि मेले में यात्रियों की अधिक संख्या का फायदा उठाकर कुछ चालक अपनी मनमर्जी से किराया वसूल रहे हैं। जब कोई यात्री निर्धारित 70 रुपये देने की बात करता है तो कुछ चालक रचोली जाने से इनकार कर देते हैं, जिससे लोगों को मजबूरी में अतिरिक्त पैसे देकर सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि किराये में बढ़ोतरी को लेकर परिवहन विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।

आरटीओ रामपुर बुशहर नरेश शर्मा ने कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि निर्धारित किराये से अधिक वसूली का मामला सामने आता है तो संबंधित ऑटो चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बुशहर ऑटो यूनियन के अध्यक्ष गोपाल ने बताया कि लवी मेले के चलते रचोली रूट पर 30 रुपये अतिरिक्त किराया बढ़ाया गया है। सामान्य दिनों में यह किराया 70 रुपये है, जबकि मेले के दौरान यात्रियों से 100 रुपये लिया जा रहा है।

पार्वती नेगी, रीना, रेखा, अनिता, रमेश कुमार, मुकेश, अनिल, रिंकू और अथर्व सहित अन्य ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्धारित किराये से अधिक वसूली करने और यात्रियों को परेशान करने वाले चालकों के परमिट और लाइसेंस रद्द किए जाएं। उन्होंने रूट पर किराये की जांच और निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मामला उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।