तिरुवनंतपुरम: केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने दावा किया है कि उनका फोन टैप किया जा रहा है और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है। संविधान दिवस के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस वजह से वह कभी-कभी निगरानी करने वालों को गुमराह करने के लिए गलत बातें भी कह देते हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कथित फोन टैपिंग के पीछे कौन है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कॉलेज के दिनों में उन्होंने जॉर्ज ऑरवेल का उपन्यास '1984' पढ़ा था, जिसमें सरकार द्वारा लोगों पर व्यापक निगरानी रखने का काल्पनिक चित्रण है। उन्होंने बताया कि यह किताब पढ़ने के बाद उन्हें एक महीने तक तनाव और असुरक्षा महसूस होती रही, क्योंकि इसमें नागरिकों पर हर समय और हर जगह नजर रखने की बात कही गई है।
सतीशन ने 'फ्रीडम टू थिंक' नामक एक नई किताब का जिक्र करते हुए दावा किया कि मौजूदा दौर में लोगों को अपने फैसले खुद लेने की आजादी नहीं है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव के इस दौर में किसी व्यक्ति के फैसले उसके अपने नियंत्रण में नहीं रहते, बल्कि कोई और उन्हें नियंत्रित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉल या सुपरमार्केट में जाने पर कैमरों के जरिए लगातार नजर रखी जाती है और यह भी देखा जाता है कि कोई कहां खड़ा है तथा उसके चेहरे के भाव क्या हैं। उनके मुताबिक, एआई के जरिए व्यवहार और तौर-तरीकों का विश्लेषण किया जाता है, और गाड़ी तक पहुंचने से पहले ही पसंद के ब्रांडों के विज्ञापन फोन पर आने लगते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह हम ऐसे दौर में पहुंच गए हैं, जहां हमें क्या खाना चाहिए या क्या सोचना चाहिए, यह भी कोई और तय कर रहा है।
