जयपुर: राजस्थान में जिला प्रमुख के चुनावों में क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा और कांग्रेस दोनों के समीकरण कई जगह बिगड़ गए और दोनों पार्टियों के हाथ से जिला प्रमुख की कुर्सी फिसल गई। इस मामले में दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका चूरू में लगा, जहां 39 सदस्यीय जिला परिषद में पार्टी के पास 21 सदस्य थे और माकपा के एक सदस्य के समर्थन से कुल आंकड़ा 22 का था। इसके बावजूद 4 से 5 सदस्यों की क्रॉस वोटिंग के कारण कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश देवी बुडानिया को केवल 17 वोट मिले, जबकि भाजपा की कनिका सिंह 22 वोट पाकर जिला प्रमुख बनीं। डीग में स्पष्ट बहुमत न होने के बावजूद कांग्रेस 14 सदस्यों के साथ मजबूत स्थिति में थी, लेकिन 7 सदस्यों की क्रॉस वोटिंग से उसके उम्मीदवार को महज 7 वोट मिले और भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। प्रतापगढ़ में कांग्रेस को अपने ही एक सदस्य की क्रॉस वोटिंग से एक वोट का नुकसान हुआ और पार्टी जरूरी बहुमत नहीं जुटा सकी, जिससे भाजपा ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाया।
इसके उलट कई सीटों पर भाजपा के भीतर हुई क्रॉस वोटिंग कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित हुई। 27 सदस्यों वाली ब्यावर जिला परिषद में भाजपा के पास 14 सीटों का स्पष्ट बहुमत था और कांग्रेस के पास 13 सदस्य थे, लेकिन मतदान के दौरान भाजपा खेमे में क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस प्रत्याशी ममता गुर्जर ने भाजपा की निर्मला देवी को एक वोट से हराकर ब्यावर का पहला जिला प्रमुख पद जीत लिया।
उप जिला प्रमुख के चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग का असर दिखा। मिली जानकारी के अनुसार लगभग 6 जिलों में क्रॉस वोटिंग देखने को मिली। पाली में कांग्रेस के 3 सदस्यों की क्रॉस वोटिंग से भाजपा के हेमंत गादाना उप जिला प्रमुख चुने गए। उदयपुर में भाजपा के दलीचंद डांगी को 26 और कांग्रेस के उदयलाल डामोर को 21 मत मिले, जहां 47 सीटों में भाजपा के पास 24, कांग्रेस के पास 22 और भारतीय आदिवासी पार्टी के पास 1 सीट थी। चूरू और प्रतापगढ़ में जिला प्रमुख चुनाव में क्रॉस वोटिंग से भाजपा को जीत मिली थी, लेकिन उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने अपने सदस्यों को एकजुट रखा और भाजपा ये सीट हार गई। आंकड़ों के अनुसार जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को 24, भाजपा को 10 और बीएपी को 2 सीटें मिलीं, जबकि उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को 25, भाजपा को 8 और बीएपी को 3 सीटें मिलीं।
