उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह की शादी दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम स्थित द जोरा कन्वेंशन सेंटर में वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुई। दोनों पूर्व राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र हैं। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आशीर्वाद देने पहुंचीं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी नवदंपती को बधाई दी।
बीते 14 नवंबर को अलीगढ़ में संदीप सिंह और सौरभ सिंह की सगाई हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार सगाई समारोह में 100 बीघा तक फैले पंडाल में लाखों मेहमान शामिल हुए थे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में पहुंचे थे।
शादी से पहले दिल्ली के फाइव स्टार होटल द लीला पैलेस में दोनों भाइयों की सेहराबंदी की रस्म निभाई गई। इसके बाद शाम छह बजे नेहरू स्टेडियम के लिए बारात निकली। दोनों दूल्हों ने क्रीम रंग की कढ़ाईदार शेरवानी पहन रखी थी। होटल में हुई हल्दी रस्म के दौरान संदीप सिंह के पिता और पूर्व सांसद राजवीर सिंह ने अपने दोनों बेटों और बहुओं पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दोनों भाइयों और बहुओं को पुष्पगुच्छ देकर शादी की बधाई दी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी नवदंपती को आशीर्वाद दिया। संदीप सिंह इस समय अतरौली सीट से विधायक हैं।
