केरल में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर की सलाह पर पिंपल हटाने वाली फेयरनेस क्रीम मंगवाना भारी पड़ गया। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला करीब एक साल पहले शुरू हुआ था, जब लड़की ने इंस्टाग्राम पर मिले एक व्हाट्सअप नंबर के जरिए क्रीम ऑर्डर की थी। शुरुआत में क्रीम से फायदा दिखने के बाद उसने इसे बार-बार मंगवाना जारी रखा, लेकिन कुछ समय बाद उसे चक्कर आना, ब्लड प्रेशर बढ़ना और बेहोशी जैसी समस्याएं होने लगीं। एक साल तक क्रीम के इस्तेमाल के बाद उसके पैरों में सूजन आ गई, जिससे उसका चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया।
हालत बिगड़ने पर परिवार ने डॉक्टरों से जांच करवाई। डॉक्टर गौरी एस. के अनुसार, जांच में पाया गया कि क्रीम के इस्तेमाल से लड़की के खून में पारा का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है, जिससे उसे किडनी की समस्या हो गई। क्रीम में मौजूद मरकरी ने लड़की की किडनी के फिल्टर करने वाले हिस्सों को नुकसान पहुंचाया है और उसे मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी नामक गंभीर बीमारी हो गई है। डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर इलाज न मिलने पर हालत और बिगड़ सकती है।
क्रीम की जांच में उसमें मरकरी का स्तर करीब 12,500 पार्ट्स प्रति मिलियन पाया गया, जबकि सामान्य तौर पर यह मात्रा 1 पार्ट्स प्रति मिलियन से भी कम होनी चाहिए। डॉक्टर ने लोगों को ऐसी क्रीम से सावधान रहने की सलाह दी है, जो तुरंत स्किन टोन में सुधार का दावा करती हैं।
लड़की ने कंपनी से शिकायत की, लेकिन उसकी तरफ से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। अब लड़की का परिवार कंज्यूमर कोर्ट जाने का फैसला कर चुका है। अभी तक परिवार ने क्रीम कंपनी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले यह खबर सामने आई थी कि पाकिस्तान की कुछ फेयरनेस क्रीम भारत में बिक रही हैं, जिस पर कार्रवाई भी हुई थी।
