रविवार को राजस्थान के कोटा और गुजरात के कच्छ में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। कोटा में एक ही परिवार के कम से कम नौ लोगों की मौत हुई, जबकि कच्छ में सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की जान गई।

कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा के पास रविवार तड़के एक तेज रफ्तार क्रूजर वाहन ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में एक ही परिवार के कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। मृतक महाराष्ट्र के धुले जिले के निवासी थे और खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे। क्रूजर में बच्चों समेत एक परिवार के 16 सदस्य सवार थे। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, क्रूजर चालक को वाहन चलाते समय संभवत: झपकी आ गई थी। कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत अभियान की निगरानी की। घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रक चालक हारून ने बताया कि उसने ट्रक में आई खराबी की जांच के लिए उसे सड़क किनारे खड़ा किया था और वह उससे कुछ दूरी पर खड़ा था, तभी तेज रफ्तार क्रूजर ने ट्रक को टक्कर मार दी। उसने बताया कि टक्कर के कारण वह सड़क से करीब 20 फुट दूर जा गिरा और 10 मिनट बाद होश आने पर उसने पुलिस और एम्बुलेंस को खुद फोन किया। हादसे में उसके घुटनों और सिर में चोट आई है।

गुजरात के कच्छ जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की एक कार से टक्कर हो गई, जिससे सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। कच्छ पश्चिम पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे यह हादसा उस समय हुआ, जब परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद भुज लौट रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कार दो हिस्सों में बंट गई। मृतकों में तीन महीने की एक बच्ची भी शामिल है। अधिकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी बेटी रक्षिता (सात), रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है। सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार के सदस्य थे।