जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी लतीफ भट मारा गया है। यह मुठभेड़ बुधवार को दिन के समय हुई। मुठभेड़ स्थल से मारे गए आतंकी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
इस कार्रवाई के बाद सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश पोस्ट किया, जिसने ध्यान खींचा है। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, "बधाई हो साथियों। कुछ पकवान ठंडे परोसे जाने पर ही सबसे अच्छे लगते हैं, भले ही मौसम ठंडा हो।" उन्होंने अपने संदेश में सीधे तौर पर मुठभेड़ या आतंकी लतीफ भट का जिक्र नहीं किया।
इससे पहले आतंकी से बार-बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने मना कर दिया। सुबह सुरक्षा बलों ने आतंकी को वीडियो कॉल भी किया था। सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, "हम तुम्हारे साथ हैं।" हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा कि मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं।
भट का साथी उमर निसार डार इससे पहले सोमवार को कुलगाम में हुई एक मुठभेड़ में मारा गया था। निसार और लतीफ 11 नवंबर को सीआरपीएफ की एक चौकी पर हुए हमले में शामिल थे।
