जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। कश्मीर पुलिस के अनुसार जंगलपोरा इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी लतीफ भट को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लतीफ भट दो दिन पहले हुई एक मुठभेड़ में घायल हो गया था, लेकिन वहां से भाग निकलने में कामयाब रहा था।
पुलिस के मुताबिक लतीफ ने निसार के साथ मिलकर 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। सुरक्षाबलों ने 16 नवंबर को इनमें से एक आतंकी उमर को मार गिराया था। सेना ने पहले लतीफ के मारे जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में बताया कि उसके पैर में गोली लगी है।
बताया जाता है कि 11 नवंबर के कुलगाम हमले में शामिल उमर निसार डार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट को छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी। सोमवार को मुठभेड़ में डार मारा गया, जबकि भट भाग निकला। मंगलवार को भी ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से तलाश जारी रही।
इस बीच जम्मू-कश्मीर में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग करने वाले आतंकियों का मंगलवार को CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और उमर निसार डार CRPF कैंप की रेकी करते दिख रहे हैं। 56 सेकेंड के वीडियो में टैक्सी से दोनों आतंकी उतरते दिखे। पहले लतीफ और फिर उमर उतरा और कैंप की ओर बढ़ गए। दोनों की कैंप की ओर जाते एक फोटो भी सामने आई है।
