दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा के वांछित आतंकी लतीफ अहमद भट मारा गया। पुलिस के अनुसार, बुधवार को मुठभेड़ के दौरान लतीफ देवसर के जांगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में छिप गया, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया।

कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने बताया कि सुरक्षाबलों ने लतीफ को आत्मसमर्पण के लिए बार-बार समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद उससे वीडियो कॉल पर काफी देर तक बातचीत की और समझाया कि वह अभी युवा है और उसकी जिंदगी बाकी है, लेकिन वह नहीं माना। एसएसपी के मुताबिक, लतीफ ने आत्मसमर्पण से इनकार करते हुए मस्जिद के अंदर से सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। मस्जिद को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाबलों ने अधिकतम संयम बनाए रखा और तय मानक संचालन प्रक्रिया का पालन किया।

एसएसपी ने बताया कि लतीफ पर 10 नवंबर को कई जगहों पर रेकी करने और 11 नवंबर को अखरान में सीआरपीएफ के एक नाके पर हमला करने का आरोप था। उस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा साझा किए गए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपियों ने मीर बार, अखरान, हबलिश और किलम में सुरक्षा बलों पर हमले की योजना बनाने के लिए रेकी की थी।

कुलगाम हमले में शामिल दूसरा लश्कर आतंकी उमर निसार डार सोमवार को एक मुठभेड़ में मारा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, उमर निसार डार लश्कर कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर रेकी कर रहा था।