महाकुंभ-2025 पर डॉक्यूमेंट्री बनाने के नाम पर सात करोड़ रुपये से अधिक के कथित गबन मामले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने मुख्य आरोपित सुमित नागर को गिरफ्तार किया है। वाराणसी के कालभैरव क्षेत्र का निवासी सुमित नागर घटना के बाद से फरार चल रहा था। ईओडब्ल्यू की टीम ने बुधवार को उसे लखनऊ के गोमतीनगर स्थित एक होटल के बाहर से पकड़ा। मामले में पांच अन्य आरोपित भी नामजद हैं।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, मैसर्स आइक्यू की निदेशक पुनीत सिक्का ने दो जनवरी, 2025 को महाकुंभ पर डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए मैसर्स इंक पिक्चर्स और एमकोड वेंचर्स एलएलपी के साथ अनुबंध किया था। परियोजना के लिए जीएसटी सहित कुल 5.60 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। आरोप है कि आरोपितों ने फर्जी अनुबंध, कूटरचित बिल और भ्रामक दस्तावेजों के जरिये करोड़ों रुपये का दुरुपयोग किया और डॉक्यूमेंट्री भी तैयार नहीं की।

जांच में सामने आया है कि परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों के भोजन और कैटरिंग के नाम पर करीब 75 लाख रुपये के फर्जी हस्तलिखित बिल प्रस्तुत कर भुगतान लिया गया। आरोपितों पर काम पूरा न करने की धमकी देकर करीब 20 लाख रुपये की जबरन वसूली और शूटिंग व स्टूडियो किराये के नाम पर अतिरिक्त धनराशि मांगने का भी आरोप है।

ईओडब्ल्यू के मुताबिक, आरोपितों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत 50 टीबी से अधिक फुटेज की चोरी भी की। मामले में धोखाधड़ी, कूटरचना, आपराधिक विश्वासघात, जबरन वसूली और धमकी देने के साक्ष्य मिले हैं।