कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा शाम साढ़े पांच बजे से छह बजे के बीच हुआ, जब बेंगलुरु से हैदराबाद जा रही एक कार सड़क के डिवाइडर को पार करके दूसरी ओर पहुंच गई और सामने से आ रही मालवाहक गाड़ी से टकरा गई।
पुलिस ने बताया कि कार में पांच लोग सवार थे, जो बेंगलुरु के ओल्ड येलहंका इलाके के रहने वाले थे और आपस में पड़ोसी थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि कार चालक दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान कार डिवाइडर को पार कर गई और सामने से आ रही मालवाहक गाड़ी से उसकी टक्कर हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि हादसा नंदी हिल्स पुलिस स्टेशन के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर हुआ। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
