छठ महापर्व के बाद पटना जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। जंक्शन पर रोजाना करीब 4.5 लाख यात्री आवागमन कर रहे हैं, जो सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत अधिक है। आम दिनों में यहां प्रतिदिन लगभग 3.5 लाख यात्री आते-जाते थे। इनमें से करीब 90 प्रतिशत यात्री दूसरे शहरों और राज्यों की ओर जा रहे हैं। रेलवे का अनुमान है कि अगले एक-दो दिनों में भीड़ और बढ़ सकती है।
भीड़ के कारण सबसे अधिक परेशानी जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को हो रही है। पटना जंक्शन से खुलने वाली ट्रेनों के जनरल कोच में जगह पाने के लिए यात्रियों के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन रही है। दूसरे स्टेशनों से आने वाली ट्रेनों के जनरल कोच पहले से ही भरे रहते हैं, जिससे यहां चढ़ने वाले यात्रियों को कोच में प्रवेश करने तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। बुधवार दोपहर कटिहार-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस (15713) अपने निर्धारित समय से 30 मिनट विलंब से प्लेटफार्म संख्या पांच पर पहुंची। ट्रेन रुकते ही उतरने और चढ़ने वाले यात्रियों के बीच अफरातफरी जैसी स्थिति बनी रही। वापसी में पटना-कटिहार इंटरसिटी एक्सप्रेस (15714) निर्धारित समय से 17 मिनट विलंब से दोपहर 2:27 बजे पटना जंक्शन से रवाना हुई।
भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। जंक्शन पर कुल 22 अनारक्षित टिकट काउंटर हैं और सभी कार्यरत हैं, जबकि चार अस्थायी टिकट काउंटर भी शुरू किए गए हैं। इन अस्थायी काउंटरों पर बुधवार से यूपीआई के माध्यम से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है। जंक्शन के दोनों छोर पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया गया है। फुटओवरब्रिज पर यात्रियों को रुकने नहीं दिया जा रहा है और आरपीएफ की टीम लगातार माइकिंग कर यात्रियों से फुटओवरब्रिज खाली रखने की अपील कर रही है। भीड़ को देखते हुए प्लेटफार्म टिकट की बिक्री भी 26 नवंबर तक बंद कर दी गई है, ताकि गैर-यात्री प्लेटफार्म पर न पहुंचें।
यात्रियों की सुविधा के लिए पटना जंक्शन पर कुल 10 एस्केलेटर लगाए गए हैं, लेकिन इनमें से दो फिलहाल खराब हैं। प्लेटफार्म संख्या 10 पर उतरने वाला एस्केलेटर पिछले चार महीने से बंद है, जबकि महावीर मंदिर की ओर मुख्य प्रवेश द्वार से फुटओवरब्रिज पर चढ़ने वाला एक एस्केलेटर मंगलवार दोपहर दो बजे से खराब है। बढ़ी संख्या के बीच एस्केलेटर बंद रहने से खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है। रेलवे स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के जरिए अतिरिक्त भीड़ को संभालने की कोशिश कर रहा है।
