गोरखपुर में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल एक बैकहो लोडर की टक्कर से चौरी-चौरा निवासी ओंकार सिंह के बड़े बेटे की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार तीन पीढ़ियों बाद ओंकार सिंह को दो बेटे हुए थे। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने बैकहो लोडर को कब्जे में ले लिया।

ओंकार सिंह चौरी-चौरा के राजधानी निवासी हैं और झारखंडी की आवास-विकास कालोनी में परिवार के साथ रहते हैं। स्वजन के मुताबिक रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की टक्कर से उनके बड़े बेटे की जान गई। बताया जाता है कि सभा, रैली या रोड शो में बैकहो लोडर शामिल करने का कोई नियम नहीं है, इसके बावजूद रोड शो में बड़ी संख्या में बैकहो लोडर शामिल हुए और आयोजकों व कार्यकर्ताओं ने इनसे पुष्प वर्षा कराई।

कार्यक्रम समाप्त होने और रोड शो आगे निकलने के बाद चालक बैकहो लोडर तेज रफ्तार से चलाते नजर आए। हादसे के बाद जिस बैकहो लोडर से युवक की मौत हुई, उसका चालक भी वाहन लेकर तेजी से भागने लगा। घटना देख रहे एक यूट्यूबर ने चालक को रोकने के लिए चिल्लाते हुए बताया कि उसने युवक को कुचल दिया है, जिसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैकहो लोडर को कब्जे में ले लिया।

हादसे के बाद पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न दिखने पर परिजनों का धैर्य टूट गया। करीब चार घंटे इंतजार के बाद शाम छह बजे स्थानीय पार्षद रणवीजय जुगुनु के नेतृत्व में मोहल्ले के लोग, स्वजन और भाजपा कार्यकर्ता झारखंडी मोड़ पर धरने पर बैठ गए, जिससे गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर यातायात ठप हो गया और सड़क के दोनों तरफ तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। तीन घंटे बाद जिलाधिकारी और एसएसपी के पहुंचने और आश्वासन मिलने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद दोनों अधिकारी पीड़ित परिवार के घर भी पहुंचे, जहां भाजपा के जिला महामंत्री योगेश प्रताप सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के निर्देश पर देर रात शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।