पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के अजीज लेन स्थित प्रकाशपुंज अपार्टमेंट में चार बदमाशों ने दो फ्लैटों से 10 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी चुरा ली। घटना की जानकारी मिलने पर जक्कनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में चारों बदमाशों की गतिविधियां कैद हो गई हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है।

फ्लैट नंबर 103 के मालिक सत्यम सिंह 14 नवंबर को परिवार के साथ छठ पर्व मनाने सहरसा जिले के कठडुमर गांव गए हुए थे। घर में ताला बंद होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने अपार्टमेंट में प्रवेश किया और दोनों फ्लैटों के मुख्य दरवाजों की कुंडी काट दी। पहले वे फ्लैट नंबर 101 में घुसे, जहां करीब 15 सेकंड रुककर बाहर निकल आए। इसके बाद उन्होंने फ्लैट नंबर 103 को निशाना बनाया और अलमारियों को तोड़कर कीमती सामान समेटना शुरू कर दिया।

चोरी गए सामान में सोने की चेन, अंगूठियां, इयररिंग, झुमके, नथनी, सोने के सिक्के, चांदी के सिक्के, चेन और पायल शामिल हैं। इनमें पारंपरिक सोने के आभूषणों से भरी एक पुरानी पोटली भी बताई जा रही है। चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। बदमाश कमरों को खंगालने के बाद अलमारियों को क्षतिग्रस्त कर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चार बदमाश अपार्टमेंट में आते दिख रहे हैं। इनमें एक बदमाश गेट के पास निगरानी करता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा अपार्टमेंट के गार्ड से बातचीत में उलझा हुआ दिखता है। इसी दौरान अन्य दो बदमाश फ्लैटों में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। छठ पर्व मनाकर लौटे सत्यम सिंह ने मुख्य दरवाजे की टूटी कुंडी और बिखरा सामान देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।