भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में धार्मिक स्थलों को अब केवल आस्था के केंद्र तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि उन्हें पर्यटन और स्थानीय कारोबार से जोड़कर भी प्रस्तुत किया जा रहा है। मेले में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, हरियाणा और बिहार के मंडपों में यह खास तौर पर नजर आ रहा है। उत्तराखंड मंडप का प्रवेश द्वार बैजनाथ और बद्रीनाथ मंदिरों की पारंपरिक स्थापत्य शैली से प्रेरित है, जहां दर्शक तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। उत्तर प्रदेश मंडप के प्रवेश द्वार पर अयोध्या के राम मंदिर की झलक है, ओडिशा मंडप में पुरी के जगन्नाथ मंदिर की झांकी प्रदर्शित की गई है और बिहार मंडप में छठ घाट का सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। हरियाणा मंडप में कुरुक्षेत्र की रणभूमि में रथ पर सवार श्रीकृष्ण को अर्जुन को गीता सार देते हुए दिखाया गया है।

पहली बार श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का आधिकारिक स्टाल भी मेले में लगाया गया है। भारत मंडपम के हाल नंबर सात-ए में लगे इस स्टाल पर माता की चुनरी, चोला, प्रसाद और धार्मिक स्मृति चिह्न उपलब्ध हैं। चुनरी की कीमत 100 से 700 रुपये तक है, जबकि कढ़ाईदार चोला 500 रुपये में मिल रहा है। यहां 500 और 2100 रुपये के विशेष प्रसाद बॉक्स भी रखे गए हैं, जिनमें पंचमेवा, रक्षा सूत्र और चांदी का सिक्का शामिल है। सोने और चांदी के सिक्कों पर माता की पवित्र पिंडियों की छवि भी लोगों का ध्यान खींच रही है।

मेले में धार्मिक स्थलों की ये प्रस्तुतियां केवल सजावट या सेल्फी प्वाइंट तक सीमित नहीं हैं। राज्य इनके जरिये अपनी धार्मिक पहचान व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचा रहे हैं। मंदिरों की वास्तुकला, तीर्थस्थलों की छवि और धार्मिक परंपराएं लोगों में उन स्थानों को देखने की रुचि जगा सकती हैं। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ होटल, परिवहन, स्थानीय हस्तशिल्प, प्रसाद और स्मृति चिह्न जैसे कारोबार को भी अवसर मिलता है। वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का स्टाल इस कड़ी को आगे बढ़ाता है, जहां तीर्थ से जुड़े उत्पादों की बिक्री के जरिये आस्था को सीधे कारोबार से जोड़ा गया है।