मझगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक निरल पूर्ति को वर्ष 2026 के लिए उत्कृष्ट विधायक चुना गया है। उन्हें 22 नवंबर को झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित करेंगे।

स्पीकर रबींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने शुक्रवार को बैठक कर इस सम्मान के लिए उनका चयन किया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी आदि भी मौजूद रहे।

झारखंड आंदोलन से जुड़े झामुमो नेता निरल पूर्ति चार बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। उन्होंने पहली बार 2005 में विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी और दूसरी बार 2014 में जीते। इसके बाद उन्हें 2019 और 2024 में भी जीत मिली। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को हराने का श्रेय भी प्राप्त है।

यह सम्मान उन्हें सदन में उनके सादगीपूर्ण व्यवहार के लिए दिया जाएगा। पूर्ति नियमित रूप से सदन में उपस्थित भी रहते हैं।