हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लडभड़ोल क्षेत्र में एक कार करीब 250 फीट गहरी खाई में गिरने से छह युवकों की मौत हो गई। मृतकों में कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। जोगेंद्रनगर के सिमस क्षेत्र में मंगलवार रात यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, लडभड़ोल बाजार में दुकान और अपना व्यवसाय चलाने वाले लोगों के बच्चे सिमस में एक नामकरण समारोह में गए थे। वहां से लौटते समय उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। सभी युवक करीब 15 घंटे से लापता थे। बुधवार सुबह तक वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सीसीटीवी कैमरे में वे एक दुकान पर दिखे। इसके बाद बुधवार दोपहर बाद किसी व्यक्ति ने कार को खाई में गिरी देखा, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि छहों युवक गाड़ी में ही पड़े थे। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन लडभड़ोल अस्पताल ले जाने पर सभी को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान यशराय, आयुष, पंकज, आदित्य, अर्नव और नूजू के रूप में हुई है। सभी एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जोगेंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा ने सदन को हादसे की जानकारी दी। सदस्यों ने हादसे पर गहरा शोक जताया और कार्यवाही अगले दिन के लिए स्थगित कर दी गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
