उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर भेंट की। इस बैठक में दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से लंबित संपत्ति विवादों पर विस्तार से चर्चा हुई और आपसी सहमति व बातचीत से उनका समाधान निकालने पर जोर दिया गया।

बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए धामी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सहयोग और दोनों राज्यों के बेहतर तालमेल से अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों से जुड़े विवाद सुलझाए जा चुके हैं। शेष मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उत्तराखंड के हितों से जुड़े मामलों में सहयोग और सकारात्मक पहल के लिए आभार जताया।

वर्ष 2000 में उत्तर प्रदेश से अलग होकर उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से दोनों राज्यों के बीच संपत्तियों के बंटवारे, स्वामित्व और उपयोग को लेकर कई मामले लंबित थे। इनमें सिंचाई विभाग की संपत्तियों, जल संसाधनों और अन्य सरकारी विभागों से जुड़े मामले शामिल हैं। बैठक में इन शेष विवादों को भी जल्द निपटाने पर सहमति बनी।

बैठक में उत्तराखंड के मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे।