मणिपुर कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता कीशम मेघचंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के मणिपुर दौरे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या यह दौरा हिंसा प्रभावित राज्य में शांति बहाली में कोई ठोस योगदान दे पाएगा। सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि मणिपुर को सिर्फ संगठनात्मक बैठकें नहीं, बल्कि शांति चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य को अब आश्वासनों के एक और दौर की जरूरत नहीं है, बल्कि स्थायी शांति, सुरक्षा, पुनर्वास, जवाबदेही और एक विश्वसनीय राजनीतिक रोडमैप चाहिए।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत बुधवार दोपहर तीन दिवसीय दौरे पर इंफाल पहुंचे हैं। संघ के एक पदाधिकारी के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान भागवत राज्य में संगठन की गतिविधियों और सामाजिक पहलों की समीक्षा करेंगे। वह राज्य में संघ के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत संचालित कार्यक्रमों का भी आकलन करेंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य लंबे समय से जातीय संघर्ष का सामना कर रहा है, जिसमें निर्दोष लोगों की जान गई है और हजारों परिवार विस्थापित हुए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या आरएसएस नेतृत्व विस्थापित परिवारों और समुदायों से सीधे बातचीत करेगा तथा मैतेई, कुकी-जो और नगा समुदायों के बीच विश्वास बहाली के लिए कोई ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा। सिंह ने यह भी सवाल किया कि क्या संघ नेतृत्व लंबे समय से जारी संकट के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले राजनीतिक तंत्र की जिम्मेदारी पर बात करेगा।

उल्लेखनीय है कि मई 2023 में घाटी में रहने वाले मैतेई और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष शुरू हुआ था। इस हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। इस साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नगा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है।