मंगल ग्रह पर NASA के क्यूरियोसिटी रोवर ने नाज्का नाम की जगह पर चट्टानों के भीतर डिस्क के आकार की अजीब संरचनाएं खोजी हैं, जो देखने में आलू के चिप्स जैसी लगती हैं। NASA ने अपने मिशन ब्लॉग में इनकी तुलना डिस्क के आकार के क्रिस्टल से की है। वैज्ञानिकों का मानना है कि ये संरचनाएं मंगल के भूगर्भीय इतिहास के अहम सुराग साबित हो सकती हैं।

वैज्ञानिकों के लिए इनका आकार जितना दिलचस्प है, उससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण इनकी रासायनिक संरचना है। वे यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि ये चिप्स जैसी संरचनाएं किस खनिज से बनी हैं, क्योंकि अंदर मौजूद खनिज बता सकता है कि ये चट्टानें कब और किन परिस्थितियों में बनीं। रोवर ने नाज्का साइट पर एक चट्टान में ड्रिल करके नमूना निकाला और उसे अपने अंदर मौजूद छोटी केमिकल लैब में भेजा, जो चट्टानों और मिट्टी में मौजूद रासायनिक तत्वों और यौगिकों का विश्लेषण करती है।

NASA के मुताबिक, रोवर के पास ChemCam नाम का एक खास उपकरण भी है, जो लेजर की मदद से काम करता है। लेजर की गर्मी से चट्टान की सतह का बहुत छोटा हिस्सा प्लाज्मा बन जाता है और उससे निकलने वाली रोशनी के अध्ययन से पता चलता है कि उस हिस्से में कौन-कौन से रासायनिक तत्व मौजूद हैं। नाज्का साइट पर Colca नाम की एक चिप जैसी संरचना को भी जांच के लिए चुना गया है। इसके अलावा रोवर के रोबोटिक आर्म पर लगे मार्स हैंड लेंस इमेजर (MAHLI) कैमरे से रात के समय इनकी क्लोजअप तस्वीरें लेने की योजना बनाई गई, जिसमें सामान्य सफेद रोशनी के साथ अल्ट्रावॉयलेट LED लाइट का भी इस्तेमाल किया गया।

वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि अगर इन संरचनाओं में पानी की मौजूदगी से जुड़े खनिजों की पहचान हो जाए, तो यह समझने में मदद मिलेगी कि मंगल पर कभी पानी किस रूप में था। बता दें कि क्यूरियोसिटी रोवर अगस्त 2012 में मंगल की सतह पर उतरा था और तब से लगातार लाल ग्रह की चट्टानों, मिट्टी और वातावरण का अध्ययन कर रहा है। फिलहाल वैज्ञानिक इन संरचनाओं का पूरा विश्लेषण कर रहे हैं और ChemCam व अन्य उपकरणों से मिले आंकड़े तैयार होने पर साफ हो सकेगा कि ये किस खनिज से बनी हैं।