केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (एनसीटीएयू) ने व्हाट्सएप वेब के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी जारी की है। यूनिट के मुताबिक, कुछ खास परिस्थितियों में प्रमाणित व्हाट्सएप वेब सेशन का गलत इस्तेमाल कर किसी व्यक्ति के अकाउंट तक बिना अनुमति पहुंच बनाई जा सकती है। ऐसे में निजी चैट, संपर्क और ग्रुप की बातचीत दूसरे व्यक्ति के हाथ में जा सकती है। साइबर अपराधी यूजर की पहचान का इस्तेमाल कर मैसेज भेज सकते हैं और फिशिंग, सोशल इंजीनियरिंग व अन्य धोखाधड़ी को अंजाम दे सकते हैं। जान-पहचान के लोग आपके नाम से भेजे गए मैसेज पर भरोसा कर ठगी का शिकार हो सकते हैं।

एनसीटीएयू ने खास तौर पर ऑफिस, साझा और सार्वजनिक कंप्यूटरों पर व्हाट्सएप वेब इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने को कहा है। ऐसे कंप्यूटर कई लोग इस्तेमाल करते हैं, इसलिए उन पर लॉग-इन किया गया अकाउंट असुरक्षित हो सकता है। साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर और किसी दूसरे व्यक्ति से उधार लिए गए कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब खोलने से बचने की सलाह दी गई है। सरकारी, वित्तीय, संगठन से जुड़ी या गोपनीय जानकारी भी ऐसे कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब के जरिए साझा न करने को कहा गया है। संगठनों को भी आधिकारिक और संवेदनशील काम के लिए इसके इस्तेमाल से बचने की सलाह दी गई है।

यूनिट ने यूजर्स से अपने अकाउंट की असामान्य गतिविधियों पर नजर रखने को कहा है। अगर अकाउंट से कोई ऐसा मैसेज भेजा जाता है जिसकी जानकारी यूजर को नहीं है, या संपर्कों की ओर से किसी अजीब मैसेज का जवाब आता है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी गतिविधियों को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है। अगर व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल जरूरी हो, तो प्राइवेट ब्राउजिंग मोड अपनाने और हर बार काम पूरा होने के बाद लॉग-आउट करने को कहा गया है। हालांकि, यूनिट के मुताबिक प्राइवेट मोड केवल एक अतिरिक्त सावधानी है, सुरक्षा की पूरी गारंटी नहीं।