प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत डिजिटल ऋण वितरण में मेरठ नगर निगम ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरी निकायों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए नगर निगम को 'स्वनिधि सम्मान-2026' से सम्मानित किया गया। शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नगर आयुक्त सौरभ गंगवार को यह सम्मान प्रदान किया। इस श्रेणी में गाजियाबाद दूसरे स्थान पर रहा।

नगर आयुक्त ने इस उपलब्धि को अधिकारियों और कर्मचारियों के टीम वर्क का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि रेहड़ी, पटरी, ठेला और फेरी लगाने वाले पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। विक्रेताओं को यूपीआई आईडी, क्यूआर कोड और मोबाइल बैंकिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें योजना के तहत तीन चरणों में क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक के ऋण और कैशबैक के फायदों से अवगत कराया गया।

योजना के अंतर्गत मेरठ में पथ विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए प्रथम ऋण करीब 60,465 लाभार्थियों को दिया गया। द्वितीय ऋण 24,635 लाभार्थियों और तृतीय ऋण 5,608 लाभार्थियों को दिया गया है। इस प्रकार तीनों श्रेणियों के अंतर्गत कुल 90,708 ऋण वितरित किए जा चुके हैं। इस पहल का सकारात्मक असर यह हुआ कि पथ विक्रेता नकद के बजाय डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिसमें महिला विक्रेताओं की भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय रही है। डिजिटल लेनदेन से उनका कारोबार बढ़ा है और हिसाब-किताब पारदर्शी हुआ है।

महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने इस उपलब्धि पर नगर निगम के अधिकारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम बचे हुए सभी पात्र विक्रेताओं को भी जल्द डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने का लक्ष्य लेकर काम करेगा।