लखनऊ के गोमती नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में दो दिवसीय 'देशज उत्सव' का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से आए लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार को पद्मश्री मालिनी अवस्थी मंच पर पहुंचीं और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने बेहतरीन प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया।
आयोजन का उद्देश्य भारत की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना था। मंच पर राजस्थान की तेरह ताली, चकरी और घूमर, गुजरात का भवई, महाराष्ट्र की लावणी, सिक्किम का याक छम और सिंघी छम, मध्य प्रदेश का गेंड़ी जनजातीय लोकनृत्य और आल्हा, पश्चिम बंगाल का छऊ पुरुलिया, पंजाब के लोकगीत, ओडिशा का बोंडा जनजातीय लोकनृत्य, उत्तर प्रदेश का धोबिया लोकनृत्य और नौटंकी तथा केरल की कथकली जैसी विविध लोक और पारंपरिक कलाओं की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति के विविध रंगों को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में 'हमरे अंचला के छइयां जुड़ाल्या बलमा' सुनकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए, जबकि उत्तर प्रदेश के पारंपरिक लोकनाट्य नकटौरा ने लोगों को खूब आनंदित किया। आल्हा गायिका संजू बघेल की प्रस्तुतियों पर लोग झूमने लगे। अतिथियों ने देशज उत्सव को भारतीय लोक संस्कृति, लोक परंपराओं और देश की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया और कहा कि ऐसे उत्सव सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने के साथ-साथ लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं।
सोन चिरैया की 15 वर्षों की सांस्कृतिक साधना से उपजा देशज उत्सव भारत की मिट्टी की महक, लोक जीवन की लय और सांस्कृतिक आत्मा को समर्पित एक विशेष पहल है। इस अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के वीसी प्रो. जेपी सैनी, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. मांडवी सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
