प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और लाइव वेबकास्टिंग के जरिए देशभर की कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें भागलपुर जिले से जुड़ी ऊर्जा, उच्च शिक्षा तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की परियोजनाएं भी शामिल रहीं। जिले को करीब 3400 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली है। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
ऊर्जा क्षेत्र की सबसे बड़ी परियोजना पीरपैंती में प्रस्तावित 3×800 मेगावाट क्षमता वाले सुपर थर्मल पावर प्लांट से बिजली की निकासी के लिए संचरण आधारभूत संरचना का विकास है, जिस पर 3363.01 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे करीब 2400 मेगावाट बिजली बिहार के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाई जा सकेगी। करीब 26,500 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाले इस पावर प्लांट के निर्माण के दौरान लगभग 10 से 12 हजार रोजगार तथा करीब तीन हजार स्थायी रोजगार सृजित होने की संभावना है।
कहलगांव ग्रिड उपकेंद्र में 2.87 करोड़ रुपये की लागत से दो 33 केवी फीडर बनाए जाएंगे। पहले फीडर से निर्माणाधीन 33 केवी राजगांव (बरमसिया) पावर सब-स्टेशन को जोड़ा जाएगा, जिससे लगभग 16 हजार उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। दूसरे फीडर को पीरपैंती पावर सब-स्टेशन से वैकल्पिक विद्युत स्रोत के रूप में जोड़ा जाएगा, जिससे करीब 40 हजार उपभोक्ताओं को राहत होगी और बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या कम होगी।
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से 3.71 करोड़ रुपये की लागत से नवगछिया के मदन अहल्या महिला महाविद्यालय में शैक्षणिक भवन (साइंस ब्लॉक) का निर्माण कराया गया है, जहां आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं और कक्षाएं उपलब्ध होंगी। वहीं, नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से कहलगांव में 45.99 करोड़ रुपये की लागत से छह एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है, जिससे शहर का गंदा पानी सीधे गंगा में गिरने से रुकेगा और वैज्ञानिक उपचार के बाद ही पानी प्रवाहित होगा।
कार्यक्रम में सांसद अजय कुमार मंडल, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, महापौर डॉ. बसुंधरा लाल और जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
