मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में एक अहम पड़ाव पार हुआ है। रेल मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि 508 किलोमीटर लंबे इस हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम चालू कर दिया गया है। करीब 50 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में दोनों दिशाओं की रेल लाइनें शामिल हैं। मंत्रालय के मुताबिक, इस कदम से परियोजना को आगे के ट्रायल की दिशा में बढ़ाने में मदद मिलेगी।

मंत्रालय ने साफ किया है कि बिजली सप्लाई शुरू होने का अर्थ यह नहीं है कि इस सेक्शन पर बुलेट ट्रेन का परिचालन भी शुरू हो गया है। इसके लिए अभी कई तकनीकी प्रक्रियाएं और ट्रायल बाकी हैं। पूरे कॉरिडोर पर बिजली व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी, जिसमें छोटे-छोटे हिस्सों में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम चालू किया जाएगा। तकनीकी टीमें इस पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखेंगी, ताकि सुरक्षा नियमों और तय प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित हो सके।

मंत्रालय ने इस सेक्शन के आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए सार्वजनिक सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। इसमें बिजली की ओवरहेड लाइनों और अन्य इलेक्ट्रिकल उपकरणों के पास न जाने की सलाह दी गई है। कॉरिडोर में आधुनिक 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है, जैसा दुनिया के कई देशों में हाईस्पीड रेल नेटवर्क के लिए इस्तेमाल होता है। पूरे कॉरिडोर के लिए 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए गए हैं, जो राष्ट्रीय बिजली ग्रिड से बिजली लेकर ओवरहेड सिस्टम तक पहुंचाएंगे। पूरे नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर से होगी।

सूरत-बिलीमोरा सेक्शन करीब 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक है, जिसमें 4 नदियों पर बने पुल और नेशनल हाईवे-53 के ऊपर एक स्टील ब्रिज शामिल है। ट्रेन की आवाज के असर को कम करने के लिए इस सेक्शन के वायाडक्ट पर करीब 94 हजार नॉइज बैरियर लगाए गए हैं। इधर, परिचालन की समयसीमा में भी बदलाव हुआ है। मंत्रालय ने सूरत से वापी के बीच 100 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर सेवा शुरू करने की समयसीमा अगस्त 2027 से बढ़ाकर 2027 की आखिरी तिमाही कर दी है, यानी अब अक्टूबर से दिसंबर 2027 के बीच परिचालन शुरू करने का लक्ष्य है।