राजस्थान के नागौर जिले के टुंकलिया गांव की नवनिर्वाचित सरपंच शैलू राजपुरोहित की मंगलवार को एयरगन के छर्रे लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह एयरगन साफ कर रही थीं, इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब जाने से छर्रे उनके सीने में लगे। परिजन उन्हें इलाज के लिए जोधपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
गोटन पुलिस थाना अधिकारी सुमन चौधरी के अनुसार शैलू ने हाल में हुए पंचायत चुनाव में 155 मतों से सरपंच का चुनाव जीता था।
नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने आशंका जताई है कि शैलू की गोली मारकर हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि शैलू के परिजनों ने हत्या की आशंका को खारिज किया है।
