गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने पति, बेटे और भांजे को खाने में धीमा जहर दिया। पुलिस अब जेल में जाकर आरोपी पत्नी से पूछताछ करेगी। मंगलवार को गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उससे पूछताछ करनी चाही, तो उसने कुछ नहीं बताया। जांच में सामने आया है कि महिला ने पति के दो करोड़ रुपये के जीवन बीमा और प्रॉपर्टी हड़पने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर यह साजिश रची थी।

वसुंधरा 2सी निवासी सुशील कुमार भटनागर का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। दो माह पूर्व उनकी तबीयत खराब हुई और उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। जांच में उनके शरीर में जहरीले तत्व मिले। दोबारा जांच कराने पर भी रिपोर्ट में जहरीला तत्व अधिक मात्रा में पाया गया। पता चला कि उनके खून में लेड की मात्रा अधिक है। चिकित्सकों ने पूछताछ की तो पता चला कि उनका पत्नी से विवाद चल रहा है और ससुराल पक्ष में ज्वैलरी का काम होता है। लेड ज्वैलरी में इस्तेमाल होता है, इस पर चिकित्सकों को शक हुआ और उन्होंने पीड़ित को बताया कि यह पुलिस केस है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जांच में पता चला कि पति ने कुछ समय पहले अपना दो करोड़ रुपये का जीवन बीमा कराया था। आरोप है कि इसी बीमा को हड़पने और अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए आरोपियों ने परिजनों के साथ मिलकर यह साजिश रची थी।

डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल ने बताया कि पूछताछ के लिए पुलिस टीम को जेल भेजा जाएगा और आरोपी पत्नी के बयान दर्ज किए जाएंगे। मामले में पुलिस के सामने कई सवाल अभी अनसुलझे हैं, जिनमें पति को कौन सा जहरीला पदार्थ दिया जा रहा था, आरोपी को लेड देने की जानकारी किसने दी और यह पदार्थ उसे कैसे मिला, जैसी बातें शामिल हैं।