रेवाड़ी के पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बंदरों के आतंक से छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं को कक्षा में पढ़ाई के दौरान और स्कूल परिसर में सुरक्षा के लिए डंडा साथ रखना पड़ रहा है। पानी पीने या शौचालय जाने के लिए भी उन्हें डंडा लेकर निकलना पड़ता है।
दो शिफ्टों में संचालित इस स्कूल में कुल 1215 छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। पहली शिफ्ट सुबह 7:55 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर एक बजे से शाम 5:15 बजे तक चलती है। छात्राओं के अनुसार, सुबह से शाम तक परिसर में बंदरों की आवाजाही बनी रहती है और वे कक्षाओं व कार्यालयों तक में प्रवेश कर जाते हैं। छात्राओं का कहना है कि बंदरों के हमले और काटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे उनमें हर समय हमले का डर बना रहता है। पढ़ाई पर ध्यान देने के बजाय उन्हें बंदरों से बचाव की चिंता सताती रहती है।
स्कूल के प्रिंसिपल अनिल कुमार ने बताया कि बंदरों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बंदर झुंड में परिसर में घूमते हैं और कई बार कक्षाओं व कार्यालयों तक पहुंच जाते हैं। इस संबंध में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
