यमुनानगर के बूडिया स्थित खानकाह में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड की रहनुमाई में जलसा तफहीम-ए-शरियत का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान और बोर्ड के जनरल सचिव मौलाना बिलाल अब्दुल हसन नदवी ने शिरकत की। जलसे में तीन तलाक, महिलाओं के अधिकार और बेटियों के विरासत अधिकार जैसे सामाजिक और धार्मिक विषयों पर चर्चा हुई।
मौलाना बिलाल अब्दुल हसन नदवी ने तीन तलाक को समाज के लिए बुराई बताया और इसके प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। महिलाओं के अधिकारों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों को जायदाद और विरासत में मिलने वाले उनके हक से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देना और समाज में इन अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करना जरूरी है।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी शरीयत से जुड़े विषयों को सही तरीके से समझने, पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियों तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने पर अपने विचार रखे। मौजूद धार्मिक विद्वानों ने विभिन्न सामाजिक विषयों पर बात करते हुए लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
