धनबाद जिले के वासेपुर में गुरुवार को जिला प्रशासन ने जमीन के कथित फर्जी दस्तावेजों के जरिये 50 लाख रुपये की ठगी के मामले में कार्रवाई की। भूली ओपी क्षेत्र के शमशेर नगर स्थित बाबू खान के आवास पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करते हुए मकान की बाउंड्री को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम की मौजूदगी में की गई।

कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम ने बताया कि यह कार्रवाई सदर थाना कांड संख्या 140/2023 के तहत की जा रही है। इस मामले में सीजीएम कोर्ट से कुर्की-जब्ती का आदेश प्राप्त हुआ था। आरोप है कि जमीन से जुड़े इस मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार कर तेतुलमारी निवासी फिरोज खान से 50 लाख रुपये की ठगी की गई थी।

इसी आदेश के आलोक में गुरुवार को भूली ओपी की पुलिस और जिला प्रशासन की टीम शमशेर नगर पहुंची और बाबू खान तथा उनकी पत्नी जरीना खातून के आवास पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। मामले में बाबू खान और उनकी पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। जमीन के नाम पर कथित ठगी के इस मामले में न्यायालय के आदेश पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। अब आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।