तमिलनाडु सरकार ने पुरुष सरकारी कर्मचारियों को 15 दिन का पितृत्व अवकाश देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने बृहस्पतिवार को इसका एलान किया और इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया। राज्य में पुरुष सरकारी कर्मचारियों को पहली बार यह सुविधा मिलेगी।
सरकार ने पितृत्व अवकाश लेने के लिए समय-सीमा भी तय की है। इसके मुताबिक, विवाहित पुरुष सरकारी कर्मचारी बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले छुट्टी ले सकते हैं। इसके अलावा बच्चे के जन्म के छह महीने के भीतर भी किसी समय 15 दिन का अवकाश लिया जा सकता है। यानी कर्मचारियों को अपनी सुविधा के अनुसार छुट्टी लेने का विकल्प मिलेगा।
सरकार का कहना है कि पुरुष कर्मचारी लंबे समय से पितृत्व अवकाश की मांग कर रहे थे। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। सरकार का मानना है कि बच्चे की परवरिश और देखभाल केवल मां की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें पिता की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। पितृत्व अवकाश मिलने से पुरुष कर्मचारियों को बच्चे के जन्म के समय परिवार के साथ रहने और उसकी देखभाल करने का मौका मिलेगा।
राज्य में महिला सरकारी कर्मचारियों को पहले से ही 365 दिन की मातृत्व छुट्टी मिलती है। अब पुरुष कर्मचारियों के लिए 15 दिन का पितृत्व अवकाश शुरू करने का फैसला किया गया है।