उज्जैन जिले में गुरुवार सुबह रूई और गढ़ा के बीच एक तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 11:15 बजे हुआ, जब नागदा की ओर से आ रही कार उज्जैन की तरफ जा रहे परचूनी सामान से भरे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए, जिनमें तीन महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल है। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया है।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा फंसी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इसी दौरान ट्रक के पीछे चल रही एक अन्य कार भी उससे पीछे से टकरा गई, जिससे उस कार को नुकसान पहुंचा। हालांकि, इस दूसरी कार में सवार किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश करने के साथ हादसे के कारणों का पता लगा रही है।