प्रयागराज में गंगा पर बन रहे सिक्स लेन पुल के निर्माण में सुस्ती पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने नाराजगी जताई है। गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को 10 दिसंबर तक पुल की एक लेन हर हाल में पूरी करने का अल्टीमेटम दिया और चेतावनी दी कि तय समय में काम नहीं हुआ तो संबंधित संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।

निरीक्षण के समय मेलाधिकारी एवं पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज और नगर आयुक्त शीलम साईं तेजा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लगभग एक घंटे तक निर्माण की प्रगति देखी। अपेक्षा के अनुरूप काम न मिलने पर डीएम ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाई और मशीनरी तथा मैनपावर बढ़ाकर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि माघ मेला से पहले एक लेन पर आवागमन शुरू कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आवागमन शुरू होने से पहले सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सेतु निगम के अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए प्रतिदिन निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि नियमित निगरानी हो सके और देरी की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जा सके।

पुल का निर्माण 16 फरवरी 2021 में शुरू हुआ था और अब तक छह बार निर्माण की समय सीमा बढ़ाई जा चुकी है। 1947 करोड़ की लागत से हो रहे इस निर्माण की लंबाई 9.800 किलोमीटर है और पुल के लिए 67 पिलर बनाए गए हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दो नवंबर को निरीक्षण के दौरान एक लेन 25 से 30 नवंबर और दूसरी लेन 25 दिसंबर तक आवागमन के लिए शुरू कराने के निर्देश दिए थे। इससे पहले उन्होंने 30 नवंबर तक आवागमन शुरू करने के निर्देश दिए थे, जबकि फरवरी 2024 में निर्माण पूरा करने की समय सीमा निर्धारित थी। निर्धारित तिथि चूकने की आशंका के बीच माघ मेला का दबाव बढ़ने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

इसके अलावा डीएम ने विज्ञान संकाय परिसर के बगल में निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर (कल्चरल काम्प्लेक्स) का भी निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को 10 दिसंबर तक सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।