नैनीताल की खोज 18 नवंबर 1841 को अंग्रेज यात्री पीटर बैरन ने की थी। अब 185 साल बाद यह शहर शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है, लेकिन अनियंत्रित पर्यटन और निर्माण इसके अस्तित्व के लिए चिंता का विषय बन गया है।
इतिहासकार प्रो. अजय रावत के अनुसार, अंग्रेज यहां की आबोहवा से प्रभावित होकर इसे सुनियोजित नगर के रूप में बसाना चाहते थे। कमिश्नर जार्ज लुशिंगटन को शहर के नगरीकरण का श्रेय दिया जाता है। 1848 तक प्रमुख स्थानों पर अंग्रेजों और प्रभावशाली स्थानीय लोगों को निर्माण के लिए बड़े भूखंड लीज पर दिए गए। 1857 की क्रांति का नैनीताल पर असर नहीं पड़ा, जिससे यह अंग्रेज अधिकारियों और सैलानियों के लिए सुरक्षित स्थल साबित हुआ।
1869 में शहर को शिक्षा हब बनाने की नींव पड़ी। इस वर्ष शेरवुड और आल सेंट्स, 1878 में सेंट मेरी और 1888 में सेंट जोजफ कालेज स्थापित हुए, जहां देशभर से अंग्रेजों और संभ्रांत भारतीयों के बच्चे पढ़ने आते थे। प्रो. रावत के अनुसार, यहां के शिक्षण संस्थान स्थानीय लोगों के रोजगार का बड़ा माध्यम रहे हैं।
70 के दशक के बाद पर्यटन कारोबार बढ़ने के साथ शहर में अंधाधुंध निर्माण हुआ। पानी निकासी के नाले अतिक्रमण की जद में आ गए और सुरक्षित, असुरक्षित व ग्रीन लैंड का लिहाज नहीं रखा गया। इस कारण नयना पीक, टिफिन टाप, बलियानाला, चार्टन लाज, राजभवन रोड और सात नंबर क्षेत्रों में भूस्खलन हो रहे हैं। शहर के जन्मदिन पर ताल चैनल और नैनीताल जन्मोत्सव समिति की ओर से बुधवार को कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजक ईशा साह के अनुसार, डीएसए मैदान में दोपहर एक बजे से सर्वधर्म प्रार्थना सभा और केक सेरेमनी होगी।
