नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह पद संभालने के बाद अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। दिल्ली हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। यह दो दिवसीय राजकीय दौरा है।
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के अनुसार, बालेन शाह सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों नेता ऊर्जा से जुड़ी कई परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे और आपसी सहयोग के विभिन्न समझौतों का आदान-प्रदान करेंगे। शाह के साथ 34 सदस्यीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल और एक अलग व्यापारिक दल भी भारत आया है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे में विकास सहयोग, ऊर्जा, रेल-सड़क और हवाई कनेक्टिविटी, व्यापार व पर्यटन के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप्स, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर बात होगी। शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे, राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और नेपाल-भारत बिजनेस फोरम में भी हिस्सा लेंगे।
दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों पर भी बातचीत होने की संभावना है। इसमें लिपुलेख, कालापानी और लिंपियाधुरा को लेकर सीमा विवाद तथा भारतीय सेना में नेपाली गोरखाओं की भर्ती से जुड़े मतभेद शामिल हो सकते हैं। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री के सलाहकार राजन भट्टराई ने उम्मीद जताई कि करीब 8 साल से लंबित 'एमिनेंट पर्सन्स ग्रुप' (EPG) की रिपोर्ट पर भी बात आगे बढ़ेगी। इसके अलावा नई पेट्रोलियम और गैस पाइपलाइन बिछाने तथा आपदा के बाद पुनर्निर्माण में भारत की मदद पर भी फोकस रहेगा।
